{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी : मानमंदिर घाट पर देर रात गंगा में डूबा युवक, घंटों बाद मिला शव, ग्रेटर नोएडा से आया था काशी घूमने

 

वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मनमंदिर घाट पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा से वाराणसी आए एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षवर्धन ठाकुर (27) पुत्र संदीप सिंह निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। 

जानकारी के मुताबिक, हर्षवर्धन बुधवार देर रात मानमंदिर घाट पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा में गिरकर डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन रात का अंधेरा और गंगा का तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी बाधा बन गया। देखते ही देखते युवक गहरे पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही दशाश्वमेध पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रात में ही युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ, जल पुलिस और दशाश्वमेध पुलिस की संयुक्त टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।

शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर परिजनों को घटना की सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मानमंदिर घाट पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और देर रात निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने और रात के समय अतिरिक्त निगरानी की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि देर रात घाटों पर जाते समय विशेष सावधानी बरतें और गंगा किनारे सतर्क रहें।