{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मीरघाट पर गंगा में डूबने लगा युवक, जल पुलिस ने बचाई जान... कान पकड़ कर बोलने लगा सॉरी

वाराणसी के मीर घाट पर गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब रहे युवक को जल पुलिस के आरक्षी प्रमोद कुमार ठाकुर ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर बचा लिया। युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द किया गया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
 

वाराणसी: गंगा स्नान के दौरान मीर घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्नान कर रहा एक युवक अचानक गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा। मौके पर तैनात जल पुलिस के जवान की तत्परता और साहस के चलते युवक की जान बच गई। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और जल पुलिस की जमकर सराहना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार 9 जून 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे मीर घाट पर एक युवक गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते युवक डूबने लगा और सहायता के लिए संघर्ष करने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस के आरक्षी प्रमोद कुमार ठाकुर ने बिना समय गंवाए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। उन्होंने साहस का परिचय देते हुए गंगा नदी में उतरकर राहत एवं बचाव उपकरणों की मदद से युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जान बचने पर युवक ने पुलिस को कान पकड़ कर सॉरी बोला, जिसका वीडियो सोशल मीडिाय पर काफी वायरल हो रहा है।

जल पुलिस द्वारा समय रहते की गई कार्रवाई के चलते युवक को सकुशल गंगा नदी से बाहर निकालकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और उसे किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है।

युवक के सुरक्षित बच जाने के बाद उसके परिजनों ने जल पुलिस और कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि यदि समय पर जल पुलिस की टीम सक्रिय नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद जल पुलिस ने घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्नान करने आए लोगों को भी जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से बैरिकेडिंग के अंदर रहकर ही स्नान करने की अपील की, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

जल पुलिस वाराणसी ने सभी श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित बैरिकेडिंग के भीतर ही रहें। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं को टाल सकती है।