केदार घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, पायलट ट्रेनिंग पूरा कर काशी घूमने आया था
वाराणसी I वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केदार घाट पर बृहस्पतिवार की सुबह गंगा में स्नान करते समय डूबने से एक 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले के बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर का निवासी था।
परिजनों के अनुसार, आयुष हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी करके लौटा था और अपनी मां, नाना तथा नानी के साथ वाराणसी भ्रमण पर आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया और परिजन चीख-पुकार करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आयुष सुबह केदार घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। वह गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा। इस दौरान उसके नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया। मौके पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस के सहयोग से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलने पर थाना भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह घटना एक बार फिर गंगा घाटों पर स्नान के दौरान सुरक्षा की कमी को उजागर करती है। प्रशासन से अपील है कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर अधिक सतर्कता और बचाव उपकरणों की व्यवस्था की जाए।