दोस्त से झगड़ा होने पर मालवीय पुल से गंगा में कूदने जा रही थी युवती, पुलिस ने बचाया
वाराणसी के मालवीय पुल पर गंगा में कूदने जा रही 23 वर्षीय युवती को आदमपुर पुलिस ने समय रहते बचा लिया। इंस्टाग्राम प्रमोशन का काम करने वाली युवती दोस्त से विवाद के बाद यह कदम उठाने जा रही थी। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर युवती को सुरक्षित सौंप दिया।
वाराणसी: आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित मालवीय पुल पर रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक 23 वर्षीय युवती पुल की जाली पर चढ़कर गंगा नदी में छलांग लगाने की कोशिश करने लगी। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती मालवीय पुल की जाली पर चढ़ चुकी थी और गंगा में कूदने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवती ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर प्रचार-प्रसार का कार्य करती है और पाण्डेयपुर क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि अपने एक मित्र के साथ कहासुनी और विवाद होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय ने युवती से बातचीत कर उसे शांत कराया और मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जिसके बाद युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया।