Aadhaar Update: अब घर बैठे अपडेट करें पता और मोबाइल नंबर, UIDAI ने लॉन्च की नई सुविधा
वाराणसी: आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार ऐप में एक नई सुविधा जोड़ दी है, जिसके जरिए अब पात्र उपयोगकर्ता घर बैठे अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर को अपडेट कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। अब तक यह काम केवल आधार सेवा केंद्र जाकर ही कराया जा सकता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जा सकेगी।
किन लोगों को मिलेगी यह सुविधा?
यूआईडीएआई के अनुसार, यह सुविधा फिलहाल केवल उन्हीं आधार धारकों के लिए उपलब्ध होगी, जिनका पुराना मोबाइल नंबर पहले से आधार से लिंक है और उस नंबर पर ओटीपी प्राप्त हो सकता है। यानी पहचान सत्यापन पुराने पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से ही किया जाएगा।
ऐसे करें आधार ऐप से मोबाइल नंबर अपडेट
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में Aadhaar App डाउनलोड करना होगा।
इसके बाद यह प्रक्रिया अपनानी होगी-
- आधार संख्या दर्ज कर पंजीकरण करें।
- पुराने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करें।
- फेस ऑथेंटिकेशन पूरा कर सुरक्षा पिन (Security PIN) सेट करें।
- ऐप के Services सेक्शन में जाकर Mobile Number Update विकल्प चुनें।
- दोबारा पुराने नंबर पर आए ओटीपी से पहचान सत्यापित करें।
- नया मोबाइल नंबर दर्ज करें और उस पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करें।
- फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद 75 रुपये का ऑनलाइन शुल्क जमा करें।
- आवेदन सफलतापूर्वक सबमिट होने के बाद अपडेट की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
24 घंटे के भीतर होगा अपडेट
यूआईडीएआई के अनुसार आवेदन स्वीकार होने के बाद कम से कम 24 घंटे के भीतर नया मोबाइल नंबर आधार रिकॉर्ड में अपडेट कर दिया जाएगा। हालांकि कुछ मामलों में तकनीकी प्रक्रिया के अनुसार समय अधिक भी लग सकता है।
पहले आधार सेवा केंद्र जाना था जरूरी
अब तक आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए प्रत्येक आधार धारक को आधार सेवा केंद्र पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य था। आधार ऐप के माध्यम से केवल पता (Address) अपडेट करने जैसी सीमित सुविधाएं उपलब्ध थीं। नई सुविधा जुड़ने के बाद आधार ऐप की डिजिटल सेवाओं का दायरा और बढ़ गया है।
बायोमेट्रिक अपडेट भी समय-समय पर कराना जरूरी
आधार विशेषज्ञों का कहना है कि मोबाइल नंबर अपडेट के साथ-साथ आधार धारकों को समय-समय पर अपना बायोमेट्रिक अपडेट भी कराते रहना चाहिए, ताकि आधार रिकॉर्ड सक्रिय और अद्यतन बना रहे। विशेष रूप से बच्चों और लंबे समय से बायोमेट्रिक अपडेट नहीं कराने वाले लोगों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जाती है।
क्या बोले आधार सेंटर मैनेजर?
आधार सेंटर मैनेजर एस.के. पाल ने बताया कि पहले आधार ऐप के जरिए मुख्य रूप से पता अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन अब यूआईडीएआई ने मोबाइल नंबर अपडेट का विकल्प भी जोड़ दिया है। इससे आधार धारकों को काफी सुविधा मिलेगी और सेवा केंद्रों पर भीड़ कम होगी।