{"vars":{"id": "130921:5012"}}

LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
 

 

वाराणसी: बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा बोझ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी ने आम जनता के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

आप नेताओं ने दावा किया कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और लगभग 50 प्रतिशत के बंद होने की आशंका जताई जा रही है। तमिलनाडु में करीब 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं, जबकि पंजाब और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। वहीं गुजरात के मोरबी में लगभग 650 उद्योगों में से करीब 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे करीब एक लाख लोगों के बेरोजगार होने की बात कही जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार इस संकट के कारण देशभर में करीब एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि भारत में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते आता है। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान हो रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और ईरान पर हमलों जैसे मामलों पर केंद्र सरकार की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है।

आप नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों, विशेषकर अडानी समूह, को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण कई जगह गैस की कीमतों में तीन गुना तक वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। पार्टी ने केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में राहत देने की मांग की है।