मार्कंडेय महादेव के दर्शन से पहले हादसा, ट्रक से भिड़ी बाइक; 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर
गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर औड़िहार गांव के पास रविवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक एक ही बाइक से मार्कंडेय महादेव धाम जलाभिषेक और दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
खानपुर थाना क्षेत्र के उचौरी गांव निवासी लालू यादव (25) पुत्र संजय यादव, आकाश यादव (25) पुत्र सुनील यादव और राजू यादव (27) पुत्र फूलचंद यादव एक ही बाइक से मार्कंडेय महादेव धाम के लिए निकले थे। औड़िहार के पास फोरलेन हाईवे पर टर्न लेते समय उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजू यादव और आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लालू यादव को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
गर्भवती पत्नी को छोड़ गया आकाश
हादसे में जान गंवाने वाला आकाश यादव तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी आरती से हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और कुछ माह बाद उसका प्रसव होना था। आकाश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
10 दिन पहले ही बेटी का पिता बना था राजू
दूसरे मृतक राजू यादव मुंबई में मजदूरी करता था। वह अपनी गर्भवती पत्नी के प्रसव के लिए करीब दो सप्ताह पहले ही घर आया था। राजू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। करीब 10 दिन पहले ही उसकी पत्नी प्रीति ने बेटे आरव के बाद एक बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म की खुशी अभी परिवार में पूरी तरह थमी भी नहीं थी कि हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। राजू की मौत से पत्नी प्रीति, मां कुसुम देवी समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ट्रक और चालक पुलिस हिरासत में
कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।