{"vars":{"id": "130921:5012"}}

फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 52 लाख की ठगी का आरोप, वाराणसी में 9 पर FIR

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में F Lounge By Fashion TV की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 52.99 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

वाराणसी: चितईपुर थाना क्षेत्र में हाईप्रोफाइल फ्रेंचाइजी फ्रॉड का मामला सामने आया है। रघुकुल कृपा हॉस्पिलिटी के डायरेक्टर अभिलाष नारायण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर करीब 52 लाख 99 हजार 500 रुपये की ठगी की गई।

फ्रेंचाइजी दिलाने का दिया गया था भरोसा

पीड़ित अभिलाष नारायण सिंह के अनुसार, कासिफ खान उर्फ कासिफ सरदार, हासिम खान, दुष्यंत सिंह, रुपमणि सिंह, आसिफ अली उर्फ अब्बास दीवानी, रोहित खन्ना, कार्तिक, डाली सोनी और हर्षत कोली ने उन्हें बड़े बिजनेस अवसर का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने दावा किया कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलवा सकते हैं।

अभिलाष का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें भरोसे में लेकर निवेश के लिए तैयार किया और धीरे-धीरे लाखों रुपये ले लिए।

मुंबई बुलाकर कराई गई थी बातचीत

शिकायत के मुताबिक अगस्त 2021 में डाली सोनी और दुष्यंत सिंह ने अभिलाष नारायण सिंह को मुंबई बुलाया। वहां उनकी वीडियो कॉल के जरिए कासिफ खान से बातचीत कराई गई। इस दौरान उन्हें फैशन टीवी की फ्रेंचाइजी देने का आश्वासन दिया गया।

बताया गया कि यह बिजनेस बड़े स्तर पर चलाया जाएगा और निवेश के बाद उन्हें बड़ा फायदा मिलेगा। इसी भरोसे में आकर अभिलाष ने रकम निवेश कर दी।

पैसा लेने के बाद मुकरने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी अपने वादे से पीछे हट गए। न तो फ्रेंचाइजी दिलाई गई और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई। काफी प्रयासों के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने पुलिस का सहारा लिया।

पुलिस ने दर्ज की FIR

चितईपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले में नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।