{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म का आरोप, पिता के खिलाफ पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज
 

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ उसके सौतेले पिता द्वारा कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण, गर्भपात कराने और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, महिला की पहली शादी से एक बेटी है। वर्ष 2017 में महिला ने तलाक के बाद दूसरी शादी की थी। दूसरी शादी के बाद उसके दो बेटियां और एक बेटा हुए। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसकी 15 वर्षीय बेटी को कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अप्रैल 2026 में आरोपी ने किशोरी को दवा खिलाकर उसका गर्भपात भी कराया। इसके अलावा घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे धमकी दी जाती थी। जब महिला ने पति से इस बारे में सवाल किया तो कथित तौर पर उसने कहा कि अगर इस घर में रहना है तो उसकी मर्जी के मुताबिक ही रहना होगा।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बीते 13 जुलाई को आरोपी उसकी बेटी को अपने साथ लेकर चला गया था। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की।

थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।