{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ADCP वैभव बांगर ने मिर्जापुर के होटलों - ढाबों पर मारी रेड, की लाइसेंस की जांच

Lucknow/Varanasi : गोमती ज़ोन के ADCP वैभव बाँगर ने मिर्जामुराद क्षेत्र के होटलों और ढाबों का आकस्मिक निरीक्षण किया। सुरक्षा, स्वच्छता, लाइसेंस और मेहमानों के रिकॉर्ड की जांच की गई। होटल संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी अतिथियों का पंजीकरण, पहचान सत्यापन और विदेशी नागरिकों की C-Form प्रविष्टि सुनिश्चित करें।

 

Lucknow/Varanasi : गोमती ज़ोन के अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) वैभव बाँगर ने थाना मिर्जामुराद क्षेत्र के विभिन्न होटल और ढाबों पर आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों, स्वच्छता, वैध लाइसेंस और आगंतुकों के रिकॉर्ड से संबंधित नियमों के अनुपालन की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ठहरने वाले सभी मेहमानों का सही पंजीकरण, पहचान पत्रों का सत्यापन और विदेशी नागरिकों की C-Form प्रविष्टि अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। टीम ने यह भी जांचा कि कहीं नाबालिगों या बिना पहचान पत्र वाले व्यक्तियों को कमरे तो उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

ADCP बाँगर ने सभी प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता, फुटेज सुरक्षित रखने की अवधि और कवरेज क्षेत्र की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने होटल परिसरों में मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ, वेश्यावृत्ति जैसी किसी भी आपराधिक गतिविधि की रोकथाम पर सख्त निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पूछताछ की गई, जबकि होटल/ढाबों के आसपास खड़े अवैध वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। बैक एग्जिट, पार्किंग, स्टोर रूम, अंधेरे स्थानों और बंद कमरों की भी पूरी तरह तलाशी ली गई, ताकि किसी अपराध की आशंका को पहले ही नष्ट किया जा सके।

पुलिस के अनुसार, जिन होटलों में गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं, उनके संचालकों के विरुद्ध थाना मिर्जामुराद में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।

ADCP वैभव बाँगर ने कहा कि ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और भविष्य में किसी भी नियम-विरुद्ध गतिविधि या लापरवाही पाए जाने पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।