श्रावण से पहले एक्शन में प्रशासन: पुलिस कमिश्नर और डीएम ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। आगामी श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गुड़िया ठठरा, मिर्जामुराद, मोहन सराय, जगतपुर, रोहनिया और चांदपुर सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थल और यातायात प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त और सुगम होना चाहिए। जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और खुले या जर्जर तारों को तुरंत दुरुस्त करने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी करते रहें। अधिकारियों को यात्रा अवधि के दौरान लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।