{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ में PG प्रवेश की तैयारियां तेज, CGPA से प्रतिशत तय करने का नया नियम लागू

 

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गुरुवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों से स्नातक करने वाले अभ्यर्थियों के CGPA को प्रतिशत में बदलने के नियम को अंतिम रूप दिया गया।

कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने बताया कि नए नियमों का उद्देश्य विभिन्न विश्वविद्यालयों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए वरीयता सूची (Merit List) तैयार करने में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

CGPA से प्रतिशत का नया फॉर्मूला

- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के अभ्यर्थियों के लिए : CGPA × 10 – 4.5 = वरीयता प्रतिशत।

- महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (आजमगढ़) और जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (बलिया) के अभ्यर्थियों के लिए : CGPA × 9.5 = वरीयता प्रतिशत।

- उत्तर प्रदेश के अन्य केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालयों के अभ्यर्थियों के लिए : CGPA × 10 = वरीयता प्रतिशत।

बैठक में प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गई और स्नातकोत्तर काउंसिलिंग को सुचारु रूप से संपन्न कराने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय सहित प्रवेश समिति के सदस्य उपस्थित रहे।