काशी विद्यापीठ में 42 पाठ्यक्रमों में प्रवेश की काउंसलिंग 21 से, MCA-M.Ed समेत इन कोर्स में मिलेगा दाखिला
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया के तहत एमसीए, एमएड, एलएलबी, एलएलएम समेत 42 पाठ्यक्रमों में काउंसलिंग 21 से 31 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने काउंसलिंग कार्यक्रम की जानकारी दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 अगस्त को एमसीए, पीजीडीसीए और एमएड, जबकि 22 अगस्त को एलएलबी और एलएलएम की काउंसलिंग होगी। 25 अगस्त को बीएससी एजी और एमएससी एजी (गंगापुर परिसर) के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
इसके बाद 27 अगस्त को सभी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के साथ एमए उर्दू, एमटीटीएम, एमए गांधी विचार, एमए दर्शनशास्त्र, एमए योग, एमए एजुकेशन, एमए आईआरपीएम, एमए इतिहास (आर्कियोलॉजी), एम.म्यूज. (पेड सीट), एम.लिब. आई-एससी., एमए मास कम्युनिकेशन और एमए/एमएससी गृह विज्ञान की काउंसलिंग होगी।
29 अगस्त को पीजी डिप्लोमा इन काउंसलिंग एंड गाइडेंस, डिप्लोमा इन कर्मकांड, एमए संस्कृति, बी.लिब. आई-एससी., एमएससी भौतिक विज्ञान, एमए/एमएससी गणित, एमएससी रसायन विज्ञान, एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार, एमए/एमएससी भूगोल और एमएससी वनस्पति विज्ञान की काउंसलिंग होगी।
वहीं 30 अगस्त को एमए अर्थशास्त्र, एमए हिंदी, एमए मनोविज्ञान, एमए अंग्रेजी, एमए इतिहास, एमएसडब्ल्यू और एमकॉम की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। 31 अगस्त को एमए समाजशास्त्र, एमए राजनीति विज्ञान, एमएससी जंतु विज्ञान, एमकॉम और एमएफए (पेंटिंग, अप्लाइड आर्ट्स और स्कल्पचर) की काउंसलिंग होगी।
फीस जमा करना अनिवार्य
कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि काउंसलिंग के बाद अभ्यर्थियों को काउंसलिंग स्थल पर बनाए गए काउंटर से ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। निर्धारित समय के भीतर फीस जमा नहीं करने पर अभ्यर्थन निरस्त माना जाएगा और अभ्यर्थी को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा व्यय नहीं दिया जाएगा।