मिर्जापुर में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात
मिर्जापुर। जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब टहलने निकले पूर्व प्रधान और अधिवक्ता राजीव सिंह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी पूर्व प्रधान, प्रधानपति और अधिवक्ता राजीव सिंह (50) पिछले कई वर्षों से कटरा कोतवाली क्षेत्र के कटवारू का पूरा स्थित सद्भावना नगर कॉलोनी में रह रहे थे। शनिवार सुबह वह रोज की तरह टहलने निकले थे। घर लौटते समय सद्भावना नगर चौराहे के पास बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे, जिनमें से एक ने तमंचे से उनके सीने में गोली मार दी।
CCTV में कैद हुई वारदात
गोली मारने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें बदमाश गोली मारकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल राजीव सिंह को तुरंत मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस, पुरानी रंजिश की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया है। एसपी के अनुसार, मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामले में एफआईआर दर्ज
मृतक के परिजनों की नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।