{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दिवाली के बाद जहरीली हुई काशी की हवा, AQI 308 के पार, अगले 3-4 दिन रहें बेहद सतर्क

 

वाराणसी। दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया, लेकिन आतिशबाजी और पटाखों के बाद काशी की हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। सरकारी समीर ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वाराणसी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 308 दर्ज किया गया। वहीं, रविवार रात भी एक्यूआई 250 के पार पहुंच गया था। हवा में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

दिवाली की रात मलदहिया में AQI 303 के पार

दीपावली की रात भी शहर की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई थी। रात करीब 9:15 बजे वाराणसी का औसत एक्यूआई 224 दर्ज किया गया, जबकि मलदहिया इलाके में यह आंकड़ा 303 के पार पहुंच गया था। इसके चलते मलदहिया की हवा रेड जोन में रही। वहीं, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में रात 11 बजे तक एक्यूआई 202 रिकॉर्ड किया गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण बढ़ने से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम से मांगी मदद

शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि प्रदूषण पर काबू पाने के लिए नगर निगम से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराने में सहयोग मांगा गया है। इसके अलावा प्रदूषण कम करने के लिए दूसरे वैकल्पिक उपायों पर भी काम किया जा रहा है।

कार्बन मोनोऑक्साइड बढ़ने से सेहत पर खतरा

विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। डॉ. अनिल कुमार सिंह के अनुसार, इस गैस के संपर्क में आने से सिरदर्द, चक्कर, थकान, खांसी, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

इसका असर किसी भी उम्र के व्यक्ति पर पड़ सकता है, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

 पिछले साल के मुकाबले ज्यादा बिगड़े हालात

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, इस बार दीपावली के बाद वाराणसी में प्रदूषण का स्तर पिछले साल से भी अधिक दर्ज किया गया। पिछले साल एक्यूआई 291 रिकॉर्ड किया गया था।

प्रदूषण के आंकड़ों के मुताबिक, निर्धारित मानक के अनुसार पीएम 2.5 का स्तर 60, पीएम 10 का स्तर 100 और कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर 4 मिलीग्राम प्रति घन मीटर होना चाहिए। इसके मुकाबले शहर में पीएम 2.5 का स्तर 389 और पीएम 10 का स्तर 468 दर्ज किया गया। वहीं, कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर 98 तक पहुंच गया, जो निर्धारित मानक से करीब 24 गुना अधिक बताया गया है।

डॉक्टरों की सलाह- अगले 3 से 4 दिन बरतें सावधानी

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल के चेस्ट एंड टीबी विभाग के प्रोफेसर डॉ. जीएन श्रीवास्तव ने मौजूदा प्रदूषण की स्थिति को गंभीर बताया है। उन्होंने कार्बन मोनोऑक्साइड को साइलेंट किलर बताते हुए कहा कि सांस के जरिए शरीर में पहुंचने वाली यह गैस खून की ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में लोगों को आने वाले तीन से चार दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

शाम 5 से रात 11 बजे तक ज्यादा सतर्क रहें

डॉक्टरों ने सलाह दी है कि प्रदूषण के बढ़े स्तर को देखते हुए लोग खासकर शाम के समय घर की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक का समय अधिक जोखिम भरा हो सकता है। इस दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

जरूरत पड़ने पर घर के अंदर भी उचित मास्क का इस्तेमाल करें और बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाएं। डॉक्टरों ने सुबह की सैर पर जाने से भी फिलहाल बचने की सलाह दी है।

कुल मिलाकर, दीपावली के बाद काशी की हवा की बिगड़ती गुणवत्ता लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, ताकि प्रदूषण के दुष्प्रभाव से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सके।