अग्निवीर भर्ती रैली: गाजीपुर-मऊ के 607 युवा क्वालिफाई, 18 नवंबर को मिर्जापुर,भदोही और गोरखपुर के युवा दिखाएंगे दम
वाराणसी: अग्निवीर सेना भर्ती रैली का दौर लगातार जारी है। छावनी स्थित रणबांकुरा स्टेडियम में सोमवार को गाज़ीपुर और मऊ जिलों के अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई। कुल 1235 अभ्यर्थियों (गाज़ीपुर 485, मऊ 750) को बुलाया गया था, जिनमें से 972 उम्मीदवार उपस्थित रहे। निर्धारित दौड़ और फिजिकल टेस्ट के बाद 607 अभ्यर्थी दौड़ पास कर अगले चरण के लिए योग्य घोषित किए गए।
भर्ती रैली के अगले चरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 18 नवंबर को मिर्जापुर, भदोही और गोरखपुर के चयनित तहसीलों के कुल 1264 अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। सेना भर्ती संगठन और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, मेडिकल टीम, पानी, लाइटिंग व्यवस्था और अन्य प्रबंधों को लेकर संयुक्त रूप से व्यापक मॉनिटरिंग की है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। भर्ती स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, होमगार्ड, एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की तैनाती पहले ही कर दी गई है। इसके साथ ही युवाओं को समय पर रिपोर्टिंग, आवश्यक दस्तावेज और फिटनेस मानकों के पालन के निर्देश भी जारी किए गए हैं।