उड़ान भरते ही पक्षी से टकराया अकासा विमान, 188 यात्रियों को लेकर वाराणसी लौटी फ्लाइट
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 मंगलवार देर रात बर्ड स्ट्राइक की घटना के बाद वाराणसी एयरपोर्ट लौट आई। उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान से पक्षी के टकराने की घटना हुई, जिसके बाद पायलट ने एहतियातन विमान को वापस लाने का फैसला किया। रात करीब 10:51 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:55 बजे था, लेकिन विमान ने करीब 10 बजे उड़ान भरी। बर्ड स्ट्राइक के बाद विमान में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विमान में 182 यात्री और छह क्रू सदस्य समेत कुल 188 लोग सवार थे।
विमान के वापस लौटने के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने तकनीकी जांच शुरू की। यात्रियों को एयरलाइंस की ओर से होटल में ठहराया गया और अगले दिन अन्य उड़ानों के जरिए उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। हालांकि, 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी।
बताया गया कि बर्ड स्ट्राइक के कारण विमान के इंजन पर असर पड़ा था। विमान की मरम्मत के लिए मुंबई से इंजीनियरों की टीम वाराणसी पहुंची और बुधवार रात तक तकनीकी कार्य जारी रहा। इसके बाद बुधवार रात करीब 8:30 बजे विमान को ठीक कर क्रू सदस्यों के साथ मुंबई के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के मुताबिक, यही विमान इससे पहले एक यात्री की मेडिकल इमरजेंसी के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कर चुका था। इसके चलते विमान करीब दो घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा था। इसके बाद नवी मुंबई के लिए वापसी उड़ान के दौरान बर्ड स्ट्राइक की घटना हो गई।
इस घटना ने वाराणसी एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट परिसर और आसपास पक्षियों की मौजूदगी को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन को पक्षियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की जरूरत है।