{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश यादव के जुड़वां बेटे-बेटी अर्जुन और टीना पहुंचे वाराणसी, काशी विश्वनाथ के दर्शन कर किया गंगा में नौका विहार

 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जुड़वां बेटे अर्जुन यादव और बेटी टीना यादव रविवार को वाराणसी पहुंचे। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी और गोपनीय रहा। दोनों ने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उनके साथ मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज और पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा 'विश्वकर्मा' भी मौजूद रहे।

शाम करीब छह बजे वाराणसी पहुंचने के बाद अर्जुन और टीना एक होटल में रुके। इसके बाद वे सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दोनों ने बाबा का गंगा जल और दूध से अभिषेक किया तथा मंदिर परिसर में स्थापित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन किए।

इसी बीच उनके काशी पहुंचने की जानकारी सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मिल गई। देखते ही देखते मंदिर परिसर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ बढ़ने पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने सुरक्षा घेरे में दोनों को मंदिर परिसर से बाहर निकाला।

काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के बाद अर्जुन और टीना संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां भी उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दर्शन के बाद मीडिया ने दोनों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

धार्मिक दर्शन के बाद दोनों भाई-बहन ने मां गंगा के दर्शन किए और नाव से काशी के प्रसिद्ध घाटों का भ्रमण किया। करीब एक घंटे तक उन्होंने गंगा में नौका विहार किया। इस दौरान दोनों ने घाटों की खूबसूरती का आनंद लिया, सेल्फी ली और टीना यादव ने कई वीडियो व रील भी बनाई।

वाराणसी प्रवास के दौरान अर्जुन और टीना ने शहर की प्रसिद्ध मिठाइयों का भी स्वाद लिया। दोनों एक मशहूर मिठाई की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने बनारसी पेड़ा और रसगुल्ले का आनंद लिया।

अर्जुन और टीना यादव का यह निजी काशी दौरा दिनभर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा।