{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने श्री काशी विश्वनाथ दरबार में टेका मत्था, बोलीं- गुरु पूर्णिमा से पहले मिल गया बाबा का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य

भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने गुरु पूर्णिमा से पहले वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया। फिल्म शूटिंग के दौरान काशी पहुंचीं अभिनेत्री ने कहा कि बाबा के दर्शन किए बिना उनका मन नहीं मानता। मंदिर परिसर में प्रशंसकों की भीड़ भी उमड़ पड़ी।
 

वाराणसी: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मंगलवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर काशी पहुंचीं अभिनेत्री ने कहा कि जब भी वह वाराणसी आती हैं, बाबा के दर्शन किए बिना उनका मन नहीं मानता। मंदिर में उनके पहुंचते ही प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में की विशेष पूजा

अक्षरा सिंह ने मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और देश-दुनिया के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि काशी आना उनके लिए हमेशा एक विशेष अनुभव होता है।

उन्होंने कहा, गुरु पूर्णिमा से पहले बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला है। जब भी काशी आती हूं, सबसे पहले बाबा के दर्शन करती हूं। उनके दर्शन के बिना यात्रा अधूरी लगती है।

'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर

मंदिर के गेट नंबर-4 पर जैसे ही अक्षरा सिंह पहुंचीं, वहां मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। अभिनेत्री ने दोनों हाथ उठाकर 'हर-हर महादेव' का उद्घोष किया और लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। मंदिर परिसर में कुछ देर तक उत्साह का माहौल बना रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात भी की।

फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी में हैं मौजूद

अक्षरा सिंह इन दिनों वाराणसी में अपनी नई फिल्म की शूटिंग के लिए आई हुई हैं। व्यस्त शूटिंग शेड्यूल के बीच उन्होंने समय निकालकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव साझा किया।

उन्होंने कहा कि काशी सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि आस्था और अध्यात्म का केंद्र है, जहां आने वाला हर व्यक्ति खुद को इस नगरी से जुड़ा हुआ महसूस करता है। अक्षरा सिंह ने कहा कि यदि समय मिला तो वह विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी शामिल होंगी और मां गंगा का आशीर्वाद लेंगी।