{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BLW में अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज, अर्जुन यादव ने जीता उद्घाटन मुकाबला
 

 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। बरेका कुश्ती केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है।

उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बरेका के पहलवान अर्जुन यादव और उत्तर रेलवे के दिनेश के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया। फ्री स्टाइल के 69 किग्रा भार वर्ग में अर्जुन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

13 रेलवे टीमें ले रहीं हिस्सा

प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, बनारस रेल इंजन कारखाना, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे समेत कुल 13 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल वर्ग के तहत 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 और 125 किग्रा भार वर्ग में मुकाबले हो रहे हैं। वहीं ग्रीको-रोमन कुश्ती में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किग्रा भार वर्ग के पहलवान अपना दमखम दिखा रहे हैं।

कई भार वर्गों में होगा पदकों का फैसला

पहले दिन फ्री स्टाइल के 70, 92, 79 और 61 किग्रा तथा ग्रीको-रोमन के 55, 72, 87 और 130 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के विजेताओं का फैसला होना है।

पहलवानों के शानदार दांव-पेच और दमदार प्रदर्शन से पूरा कुश्ती केंद्र उत्साह से भर उठा। दर्शकों और खेल प्रेमियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवान भी आकर्षण का केंद्र रहे।

उद्घाटन समारोह में बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा बरेका महिला कल्याण संगठन के पदाधिकारी, कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, निर्णायक, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहे।