BLW में अखिल भारतीय ऑन-द-स्पॉट निबंध प्रतियोगिता आयोजित, 267 बच्चों ने लिया भाग
Varanasi : केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के निर्देशन में 13 सितंबर 2026 को देशभर में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए अखिल भारतीय ऑन-द-स्पॉट निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से बाल निकेतन विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बरेका कर्मचारियों के लगभग 267 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली की ओर से निबंध के विषय सीलबंद लिफाफे में भेजे गए थे। प्रतियोगिता स्थल पर निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे बरेका महिला कल्याण संगठन की सचिव एवं वरिष्ठ कार्यकारी सदस्या पूजा मौर्या और सुनीता ने सीलबंद लिफाफा खोला। इसके बाद प्रतिभागियों के लिए निर्धारित निबंध विषयों की घोषणा की गई।
आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित किए गए विषय
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को आयु के आधार पर तीन समूहों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक समूह के लिए दो विषय निर्धारित किए गए थे।
- ग्रुप-1 (6 से 9 वर्ष) : स्वस्थ भोजन/पौष्टिक आहार अथवा मेरे कक्षाध्यापक/मेरी कक्षा अध्यापिका
- ग्रुप-2 (10 से 12 वर्ष) : मनोरंजन गतिविधियों का महत्व अथवा संयुक्त परिवार या एकल परिवार
- ग्रुप-3 (13 से 15 वर्ष) : देश की बढ़ती जनसंख्या: वरदान या अभिशाप अथवा जेन-जेड
बच्चों ने निर्धारित दो घंटे में अपने विचारों को निबंध के माध्यम से रचनात्मक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर
बरेका महिला कल्याण संगठन की सचिव राखी गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन के निर्देशन में देशभर में एक ही दिन आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, लेखन क्षमता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर बरेका महिला कल्याण संगठन की सदस्या प्रियंका प्रसाद, मीनाक्षी सिंह, बाल निकेतन की इंचार्ज स्वाति चौधरी और पूनम जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।