{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में 22 और 23 अक्टूबर को बंद रहेंगे सभी स्कूल, DIOS ने जारी किया आदेश

 

वाराणसी। वाराणसी के स्कूली बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में 22 और 23 अक्टूबर को लगातार दो दिन सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। यह अवकाश नाटी इमली के प्रसिद्ध भरत मिलाप और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के मद्देनजर घोषित किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, 22 अक्टूबर को नाटी इमली के भरत मिलाप के अवसर पर जिलाधिकारी की ओर से घोषित स्थानीय अवकाश के कारण स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, 23 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मतदान दिवस के चलते विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है।

यह आदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी, लखनऊ के 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के क्रम में लागू किया गया है। इसके तहत वाराणसी जिले में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा।

इसमें परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ ICSE, CBSE तथा अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूल भी शामिल हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी यह आदेश 21 अक्टूबर 2026 को पत्रांक शिविर/919-98/2026-27 के तहत जारी किया गया है।

इस आदेश के बाद जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में 22 और 23 अक्टूबर को शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी।