गंगा-वरुणा के बढ़ते जलस्तर के बीच DM और पुलिस कमिश्नर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, जाना पीड़ितों का हाल
वाराणसी। गंगा और वरुणा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच मंगलवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का तूफानी दौरा किया। दोनों अधिकारी एनडीआरएफ की नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और मौके पर जलभराव, प्रभावित आबादी तथा राहत-बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने आदि केशव घाट से आगे बढ़ते हुए सलारपुर, सरैया, कोनिया, पुल कोहना, ढेलवरिया और सराय मोहना समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। राहत और बचाव कार्यों के लिए पर्याप्त नाव और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
राहत शिविरों में भी पहुंचकर देखा इंतजाम
निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय सलारपुर, विकासखंड चिरईगांव और विद्या विहार इंटर कॉलेज, सलारपुर-रसूलगढ़ में बनाए गए बाढ़ राहत शिविरों का भी जायजा लिया। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।
अधिकारियों ने राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, बिजली, प्रकाश, शौचालय, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को राहत शिविरों में लगातार साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर राहत शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि दैवी आपदा की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ है और जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं बचाव की सुविधाएं पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।