{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विश्वनाथ धाम के अन्नपूर्णा मंदिर का होगा विस्तार, अर्चकों की होगी नई नियुक्ति

वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की बैठक में 16 बड़े फैसले लिए गए। अन्नपूर्णा मंदिर के विस्तार, नए अर्चकों की नियुक्ति, 50% शौचालय भारतीय शैली में बदलने और म्यूजियम निर्माण को मंजूरी मिली। फैसलों से धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाएं और व्यवस्थाएं बेहतर होंगी।

 

वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े विकास और व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में हुई अहम बैठक में 16 बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में आयोजित मंदिर न्यास परिषद की 109वीं और विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद की 15वीं बैठक में मंदिर और धाम से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

अन्नपूर्णा मंदिर का होगा विस्तार

बैठक में अन्नपूर्णा मंदिर के सुंदरीकरण और विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह वही मंदिर है जहां कनाडा से वापस लाई गई माता अन्नपूर्णा की प्राचीन प्रतिमा स्थापित है। मंदिर विस्तार से श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन और सुविधाएं मिलेंगी।

नए अर्चकों की नियुक्ति और प्रमोशन

मंदिर में बेहतर पूजा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नए अर्चकों की नियुक्ति का फैसला लिया गया। साथ ही, वर्तमान अर्चकों को पदोन्नति और मानदेय बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।

ललिता घाट पर प्रोजेक्टर संचालन शुरू होगा

ललिता घाट पर लगाए गए प्रोजेक्टर को शुरू करने और उसके वार्षिक रखरखाव की जिम्मेदारी मंदिर न्यास द्वारा उठाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए बैठने की व्यवस्था हेतु धनराशि स्वीकृत की गई।

धाम के 50% शौचालय होंगे भारतीय शैली में
विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद की बैठक में धाम परिसर के 50 प्रतिशत शौचालयों को भारतीय शैली में बदलने का फैसला लिया गया।

इसके अलावा-
•    धाम की दुकानों की बिजली दरें तय होंगी
•    सिटी म्यूजियम और वाराणसी गैलरी में इमर्सिव म्यूजियम बनाया जाएगा
•    मल्टीपरपज हॉल के लाभ साझाकरण प्रस्ताव को मंजूरी
•    धाम में शेडिंग कार्य को स्वीकृति

अन्य महत्वपूर्ण फैसले

न्यास परिषद ने कई धार्मिक स्थलों के विकास को भी मंजूरी दी, जिनमें शामिल हैं—
•    सकलडीहा के कालेश्वरनाथ मंदिर में कक्ष, रसोई और स्नानागार निर्माण
•    सारनाथ स्थित संकट हरण हनुमान मंदिर की गोशाला का खर्च मंदिर न्यास उठाएगा
•    संस्कृत पाठशाला प्रयागराज में बाउंड्रीवॉल निर्माण
•    मंदिर परिसरों में बिजली और CCTV मरम्मत

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मंदिर न्यास के सीईओ विश्व भूषण, एसडीएम शंभूशरण, कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा सहित कई प्रशासनिक और धार्मिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।