राहगीरों को अश्लील इशारे कर रही थी महिला, एंटी रोमियो टीम ने मौके से दबोचा
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर राहगीरों और आम लोगों को कथित तौर पर अश्लील इशारे कर परेशान करने के मामले में एंटी रोमियो टीम ने एक करीब 20 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को एंटी रोमियो टीम-02 सिगरा को सूचना मिली थी कि कैंट स्टेशन के सामने पिलर नंबर 57 से 60 के आसपास एक महिला वहां से गुजरने वाले राहगीरों और आम लोगों को अश्लील इशारे कर परेशान कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी की। पुलिस का कहना है कि मौके पर मिली सूचना सही पाई गई।
इसके बाद पुलिस ने मौके से करीब 20 वर्षीय महिला को हिरासत में लिया। मामले में थाना सिगरा में बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।