काशी से अपना दल कमेरावादी की रोजगार यात्रा शुरू, पल्लवी पटेल ने किया सिराथू से चुनाव लड़ने का ऐलान
वाराणसी। अपना दल कमेरावादी की ‘रोजगार एवं भागीदारी यात्रा’ का गुरुवार को वाराणसी से शुभारंभ हुआ। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के साथ सारनाथ पहुंचीं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव एक बार फिर सिराथू सीट से लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से उन्हें सम्मान और राजनीतिक पहचान मिली है, उसी सीट से वह दोबारा दावेदारी करेंगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के निर्देश पर डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस मोटरसाइकिल यात्रा का उद्देश्य युवाओं के रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और पिछड़े वर्गों की भागीदारी के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। यात्रा का समापन 8 दिसंबर 2026 को राजधानी लखनऊ में महाआंदोलन के रूप में होगा।
AIMIM और चंद्रशेखर के गठबंधन को दी शुभकामनाएं
लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की रैली को लेकर पल्लवी पटेल ने उनके गठबंधन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक संगठन को अपने विचारों, मुद्दों और एजेंडे के साथ जनता के बीच जाने का अधिकार है। सभी राजनीतिक दल अपनी विचारधारा और उद्देश्यों को लेकर आगे बढ़ने के लिए स्वतंत्र हैं।
रोजगार के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा
पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए युवाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान और उसके द्वारा प्रदत्त अधिकारों का सम्मान नहीं कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अनुदेशकों, पंचायत सहायकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षामित्रों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का काम तो कराया जा रहा है, लेकिन उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया जा रहा है।
पल्लवी ने युवाओं से रोजगार, सुरक्षा, अधिकारों और भागीदारी के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा अपने अधिकारों को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो सरकार दमनकारी नीतियों के माध्यम से उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है।
विधानसभा चुनाव में गठबंधन के दिए संकेत
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर पल्लवी पटेल ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले राजनीतिक संगठनों को एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी दलों के साथ आने पर जोर दिया।
पल्लवी पटेल ने कहा कि प्रदेश की राजनीति दो धाराओं में बंटी हुई है। ऐसे में समान विचारधारा वाले राजनीतिक संगठनों का एक मंच पर आना महत्वपूर्ण होगा।
सपा के साथ दोबारा गठबंधन की संभावनाओं पर बोलीं पल्लवी
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव वाले गठबंधन में दोबारा शामिल होने के सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि पिछले चुनाव में गठबंधन के तहत पार्टी को 12 प्रतिशत अधिक वोट मिले थे। पार्टी ने एक बड़े वर्ग का विश्वास हासिल किया और लगातार सड़क से लेकर सदन तक जनता के मुद्दों को उठाया है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा की सत्ता में वापसी आसान नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वह उस राजनीतिक ताकत के साथ खड़ी होंगी, जो भाजपा को सत्ता से हटाने में सक्षम होगी। हालांकि, उन्होंने किसी दल के साथ गठबंधन की औपचारिक घोषणा नहीं की।
विभिन्न जिलों से होकर लखनऊ पहुंचेगी यात्रा
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार रोजगार एवं भागीदारी यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान युवाओं के रोजगार, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और सामाजिक भागीदारी के मुद्दे उठाए जाएंगे।
- 26 से 28 नवंबर: वाराणसी
- 27 नवंबर: मिर्जापुर और चंदौली
- 28 से 29 नवंबर: जौनपुर
- 29 नवंबर: सुल्तानपुर
- 30 नवंबर: अयोध्या
- 1 दिसंबर: बाराबंकी
- 2 दिसंबर: लखीमपुर खीरी और सीतापुर
- 3 दिसंबर: पीलीभीत और बरेली
- 4 दिसंबर: कानपुर और उन्नाव
- 5 दिसंबर: रायबरेली
- 8 दिसंबर: लखनऊ में महाआंदोलन
इस यात्रा के माध्यम से अपना दल कमेरावादी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रोजगार और सामाजिक भागीदारी के मुद्दों पर जनता के बीच अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है।