BHU में योग सर्टिफिकेट कोर्स के लिए आवेदन 9 जुलाई से, 12वीं पास उम्मीदवार कर सकेंगे अप्लाई
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के योग साधना केन्द्र, मालवीय भवन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के चातुर्मासिक अंशकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत योग सर्टिफिकेट कोर्स के पहले बैच के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 9 जुलाई 2026 से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकेंगे, जबकि पूरी तरह भरे हुए आवेदन पत्र 27 जुलाई 2026 तक जमा किए जा सकेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम अगस्त के चौथे सप्ताह से शुरू होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रवेश में सबसे पहले BHU के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि सीटें रिक्त रहती हैं, तो विश्वविद्यालय के बाहर के अभ्यर्थियों के आवेदन पर भी विचार किया जाएगा।
12वीं पास होना अनिवार्य
योग सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदन पत्र के साथ प्रमाणित पासपोर्ट आकार का फोटो, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट की फोटो कॉपी तथा अन्य उपलब्ध शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां जमा करनी होंगी।
50 रुपये में मिलेगा आवेदन फॉर्म
आवेदन फॉर्म 9 जुलाई से लक्ष्मण दास अतिथि गृह के सामने स्थित प्रकाशन-विक्रय-पटल कार्यालय से 50 रुपये शुल्क देकर प्राप्त किया जा सकेगा। पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र कार्यालय समय के दौरान योग साधना केन्द्र, मालवीय भवन में 27 जुलाई 2026 तक जमा करना होगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया प्रवेश समिति द्वारा निर्धारित मानदंडों के आधार पर पूरी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की सूची 20 अगस्त 2026 को जारी किए जाने की संभावना है, जबकि प्रशिक्षण कार्यक्रम अगस्त के चौथे सप्ताह से शुरू होगा।