{"vars":{"id": "130921:5012"}}

हाईवे पर मनमानी अब नहीं चलेगी: मोहनसराय में रॉन्ग साइड वाहनों पर सख्ती, 27 वाहन सीज, 681 चालान

वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अतिक्रमण, अवैध स्टैंड और रॉन्ग साइड वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत 27 वाहन सीज़, 681 चालान और 13.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर सख्त निर्देश जारी हुए।

 

वाराणसी : शहर में लगातार बढ़ते जाम, सड़क हादसों और अव्यवस्थित ट्रैफिक को लेकर अब पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद सड़क पर उतरे और लहरतारा से कछवां रोड तक व्यापक निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इस दौरान अवैध स्टैंड, अतिक्रमण, रॉन्ग साइड चल रहे वाहन और हाईवे किनारे खड़ी बसों पर पुलिस का बड़ा अभियान चला।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अव्यवस्थित यातायात किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित यातायात उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लहरतारा अंडरपास से शुरू हुआ मेगा एक्शन

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने लहरतारा अंडरपास के नीचे संचालित अवैध स्टैंड और सड़क किनारे खड़ी बसों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्रमुख चौराहों और तिराहों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

बौलिया तिराहे और मोहनसराय में रॉन्ग साइड वाहनों पर सख्ती

पुलिस कमिश्नर का निरीक्षण बौलिया तिराहे, मोहनसराय, मातलदेई कट और सर्विस लेन तक पहुंचा। यहां उन्होंने रॉन्ग साइड चल रहे वाहनों, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे कब्जों के कारण बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में नियमित ड्यूटी लगाकर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

कछवां रोड सब्जी मंडी में जाम पर नाराजगी

कछवां रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी पुलिस कमिश्नर ने चिंता जताई। थाना प्रभारी मिर्जामुराद और चौकी प्रभारी कछवां रोड को निर्देश दिया गया कि अव्यवस्थित वाहनों और अतिक्रमणकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि हाईवे किनारे वाहन खड़े करने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर विशेष निगरानी रखी जाए, क्योंकि इन्हीं कारणों से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

27 वाहन सीज़, 681 चालान

वाराणसी पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत विशेष ट्रैफिक चेकिंग अभियान भी चलाया। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड चलने वाले और अवैध तरीके से नंबर प्लेट बदलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इस अभियान में 27 वाहन सीज़ किए गए, 681 वाहनों का चालान काटा गया, 13,35,000 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया
5 अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई। इस दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त अजय कुमार श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

सड़क सुरक्षा और जाम मुक्त वाराणसी पर फोकस

पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात केवल चालान से नहीं बल्कि सख्त निगरानी और लगातार कार्रवाई से ही संभव होगा। वाराणसी पुलिस का यह मेगा अभियान अब शहर में ट्रैफिक अनुशासन लागू करने की दिशा में बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है।