ट्रैवल एजेंसी की आड़ में हथियारों का खेल! वाराणसी में तस्कर गिरफ्तार, 5 साल की बच्ची के हाथ में थमा दी थी पिस्टल
वाराणसी में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रैवल व्यवसाय की आड़ में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो पिस्टल, दर्जनों कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सारनाथ थाना क्षेत्र के हीरामनपुर निवासी बृजेश मिश्रा के रूप में हुई है। उसे मंगलवार रात हृदयपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि बृजेश अवैध हथियार लेकर रिंग रोड से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 32 बोर की दो पिस्टल, 9 एमएम सहित कुल 12 कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ट्रैवल कारोबार की आड़ में अवैध असलहों की खरीद और बिक्री का काम भी करता था।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और रंजिशन किसी की हत्या करने की नीयत से हथियार अपने पास रखता था। वहीं एडीसीपी वरुणा लिपि नगायच ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बृजेश ने अपनी पांच वर्षीय बेटी के हाथ में पिस्टल थमाकर उसका वीडियो और फोटो भी बनवाया था, जो बेहद चिंताजनक है।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट से कई संदिग्ध नंबर मिले हैं। इन नंबरों के जरिए अवैध हथियारों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही जिन लोगों को हथियार बेचे गए या जिनसे खरीदे गए, उनकी भी पहचान की जा रही है।
48 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी ने बताया कि वरुणा जोन के सारनाथ और चोलापुर थाना पुलिस ने पिछले 48 घंटों में अवैध असलहा तस्करी से जुड़े कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कई अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क के तार बिहार के कुछ हथियार तस्करों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिन पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस के इस्तेमाल वाला कारतूस भी मिला
गिरफ्तार आरोपी के पास से 9 एमएम का एक कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक यह प्रतिबंधित श्रेणी का कारतूस है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा किया जाता है। इस कारतूस के आरोपी तक पहुंचने को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।