{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PCS-2025 पर आशुतोष सिन्हा ने उठाए सवाल, कहा– आयोग की चूक का खामियाजा भुगत रहे अभ्यर्थी
 

 

वाराणसी। UP पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द होने के बाद शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और युवाओं ने वाराणसी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें भर्ती प्रक्रिया में हुई चूक की जिम्मेदारी तय करने और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की मांग की गई।

आशुतोष सिन्हा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने आरक्षण और मेरिट के नियम लागू करने में चूक की, जिसका खामियाजा अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा अब चयन को लेकर अनिश्चितता में हैं। सिन्हा ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे प्रदेश सरकार को भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने के निर्देश दें।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को संजय कुमार और तीन अन्य अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त कर दिया था। विवाद इस बात पर था कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ से अधिक थे, उन्हें खुली श्रेणी की मेरिट सूची में जगह दी जाए। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने आयोग को आरक्षण नियमों के अनुसार नई मेरिट सूची तैयार कर संशोधित परिणाम जारी करने का निर्देश दिया। इसी परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया दोबारा होगी। 

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में हारून अंसारी, राहुल सिंह यादव, राहुल गुप्ता, ईशान श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम, राहुल कनोजिया, सतीश यादव, साहिल खान, फिरोज अहमद, अजय चौरसिया, दिलशाद अहमद, ज़ीशान अंसारी, आनन्द पाण्डेय, सागर यादव, राजबली विश्वकर्मा, मनोज यादव, रवि सेठ, अयाज़, सत्यम यादव, रत्न सिसौदिया, वीरेंद्र यादव और राकेश यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।