{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नमो घाट पर उपराष्ट्रपति ने किया काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन, तीन शहरों में पढ़ाया जाएगा तिरुक्कुरल
 

 

वाराणसी। नमो घाट पर शनिवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने डिजिटल बटन दबाकर काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी समारोह में मौजूद रहे। दोनों ने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इससे पहले उपराष्ट्रपति विशेष विमान से वाराणसी पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। 

12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। इस बार की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम’ यानी ‘आइए तिरुक्कुरल सीखें’ है। तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर की इस कृति में दो-दो पंक्तियों के छंदों के माध्यम से नैतिकता, आचरण और सामाजिक जीवन की बातें समझाई गई हैं। 

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, कन्याकुमारी, चेन्नई और कोयंबटूर समेत तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों से करीब 1,400 प्रतिभागियों के सात जत्थों में शामिल होने की योजना है। प्रत्येक जत्थे में लगभग 200 प्रतिनिधि होंगे। उनके आठ दिन के कार्यक्रम में चार दिन यात्रा के लिए और चार दिन वाराणसी, प्रयागराज व अयोध्या में भ्रमण और अन्य गतिविधियों के लिए तय किए गए हैं। 

वाराणसी में 20 शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे तिरुक्कुरल

संगमम् के तहत तमिलनाडु के 50 हिंदी जानने वाले शिक्षक उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। वाराणसी में 20 शिक्षक कक्षाएं लेंगे, जबकि प्रयागराज और अयोध्या में 15-15 शिक्षक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। इस पहल से करीब 3,000 विद्यार्थियों को तिरुवल्लुवर की रचनाओं को हिंदी में समझने का अवसर मिलने की उम्मीद है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन कार्यक्रम के संचालन में सहयोग कर रहे हैं।