काशी विश्वनाथ धाम में अन्नकूट महोत्सव की धूम, डमरुओं की गूंज के बीच निकली बाबा की पालकी, 56 व्यंजनों का लगा भोग
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में अन्नकूट पर्व पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महंत आवास टेढ़ीनीम से बाबा विश्वनाथ की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। डमरुओं की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरी काशी शिवमय नजर आई। बाबा की पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
महंत परिवार की ओर से इस बार नहीं निभाई गई परंपरा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत वाचस्पति तिवारी ने बताया कि इस वर्ष परिवार में वंश वृद्धि होने के कारण महंत परिवार द्वारा परंपरा का निर्वहन नहीं किया गया। ऐसे में शिवांजलि के संयोजक संजीव रत्न मिश्र और मनोज शर्मा ने इस प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पालकी यात्रा का आयोजन किया।
पारंपरिक मार्ग से विश्वनाथ धाम पहुंची बाबा की पालकी
अन्नकूट पर्व के अवसर पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद उनकी पालकी यात्रा महंत आवास टेढ़ीनीम से प्रारंभ हुई। पालकी साक्षी विनायक, ढुंढिराज गणेश और मां अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। यात्रा के दौरान डमरू दल की प्रस्तुतियों और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बाबा विश्वनाथ को लगाया गया छप्पन भोग
पालकी यात्रा के विश्वनाथ धाम पहुंचने के बाद बाबा विश्वनाथ को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग अर्पित किया गया। इसी के साथ अन्नकूट पर्व की पारंपरिक धार्मिक रस्में संपन्न हुईं। भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बाबा विश्वनाथ के पट खोल दिए गए।