{"vars":{"id": "130921:5012"}}

महावीर जयंती पर वाराणसी में मांस, मछली दुकानों पर पूर्ण प्रतिबंध
 

 

वाराणसी। महावीर जयंती के पावन अवसर पर 31 मार्च (मंगलवार) को वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में मांस, मछली और मुर्गे की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के आदेश जारी किए हैं।

शासन के निर्देशानुसार, जैन धर्म के इस महत्वपूर्ण पर्व के दिन धार्मिक भावनाओं के सम्मान और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश भर की पशुवधशालाओं में पशु वध पर पूर्ण रोक लगाई गई है। इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर मांस और मछली की बिक्री भी प्रतिबंधित कर दी गई है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही, सभी पशुवधशालाओं को भी इस दिन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने चेतावनी दी है कि यदि 31 मार्च को कोई भी दुकान खुली पाई गई या नियमों का उल्लंघन हुआ, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महावीर जयंती जैन समुदाय का प्रमुख पर्व है, जो भगवान महावीर के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दिन जैन समाज द्वारा पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। प्रशासन का यह निर्णय इस पर्व की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के उद्देश्य से लिया गया है।

नगर आयुक्त ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि शहर में शांति और सद्भाव बना रहे।