{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पीएम के दौरे से पहले CM योगी ने परखी तैयारियां, मोबाइल टॉयलेट से लेकर 3 हजार सफाईकर्मियों की तैनाती तक, दिए कई निर्देश

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बड़े आयोजन के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। यातायात सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार हो। इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था करने और लोगों की सुविधा के लिए दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।

 घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

सीएम योगी ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने को कहा। नमो घाट से अस्सी घाट तक सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। घाटों पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ शहर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराने को भी कहा गया।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की भी मदद ली जाए। सभी पार्किंग स्थलों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

एयरपोर्ट से प्रमुख मार्गों तक होगी सजावट

वाराणसी की सड़कों और प्रमुख चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक बिजली के खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और चौराहों का सुंदरीकरण कराने को कहा गया। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को इन कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने पर भी जोर दिया गया।

अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी को चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद मिल सके।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा 300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और करीब 3,000 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की व्यवस्था की गई है।

बैठक में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और जगदीश पटेल सहित प्रशासन, पुलिस, विकास प्राधिकरण और वायुसेना के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।