{"vars":{"id": "130921:5012"}}

विधानसभा चुनाव से पहले BJP ने कसी कमर, काशी क्षेत्र में पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब छह महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने काशी क्षेत्र में संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा कार्यालय में काशी क्षेत्र कार्यसमिति की पहली बैठक हुई, जिसमें आगामी अभियानों और पार्टी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के साथ ही पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल मुख्य अतिथि और प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की, जबकि संचालन क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल ने किया।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत वंदेमातरम् का सामूहिक गायन हुआ। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान जन गण मन गाया गया।

कार्यसमिति की बैठक में काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने वर्तमान और पूर्व दायित्वों का परिचय दिया। इस दौरान राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने कहा कि काशी क्षेत्र की नई टीम में अनुभवी और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और समय काफी कम है, इसलिए पार्टी के सभी कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना पदाधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

जगदीश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। भाजपा हर वर्ष इसे सेवा कार्यों के जरिए मनाती है। इस बार प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने का आह्वान किया।

जिम्मेदारी बढ़ने के साथ बढ़ता है दायित्व

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि संगठन में किसी पद का दायित्व मिलने के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता समय के साथ अलग-अलग भूमिकाओं में काम करते हैं और पार्टी संगठन में बदलाव के साथ नई जिम्मेदारियां निभाना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि जब पार्टी सत्ता में होती है तो जनता की अपेक्षाएं भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।

कार्य विभाजन से बढ़ती है संगठन की कार्यक्षमता

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों को संगठन की निचली इकाई तक पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों को नियमित प्रवास करने और संगठन के काम को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यों का स्पष्ट विभाजन होने से जिम्मेदारी का एहसास बढ़ता है और संगठन की कार्यक्षमता बेहतर होती है। इसी क्रम में उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों का बंटवारा किया।

क्षेत्र उपाध्यक्ष विपिन सिंह को प्रोटोकॉल, अनिता त्रिपाठी को महिला मोर्चा, सर्वेश कुशवाहा को अल्पसंख्यक मोर्चा, अनिल श्रीवास्तव को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई। सुनील पटेल को किसान मोर्चा, अमित राय को ओबीसी मोर्चा एवं सर्किट हाउस, भानू प्रताप सिंह को एससी मोर्चा और राकेश शर्मा को एसटी मोर्चा का प्रभार सौंपा गया।

काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें मीडिया विभाग के कार्यों की निगरानी का दायित्व भी सौंपा गया है। क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल को ‘मन की बात’ कार्यक्रम, क्षेत्र मंत्री प्रवीण सिंह गौतम को कार्यालय, रामसुंदर निषाद को संगठनात्मक बैठकों और राजेश राजभर को युवा मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल, प्रदेश मंत्री राकेश बिंद, प्रदेश मंत्री कविता पटेल, विद्याधर तिवारी, नवरतन राठी, अनूप जायसवाल, अनिल अग्रवाल, राकेश शर्मा, प्रवीण सिंह गौतम, जगदीश त्रिपाठी, उत्तम ओझा और संतोष सोलापुरकर सहित काशी क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।