{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में भिखारी मुक्त काशी अभियान तेज...  साधु वेश में भिक्षा मांगते मिले कई लोग, 23 का रेस्क्यू  
 

 

वाराणसी। काशी को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम, पुलिस और अपना घर आश्रम की संयुक्त टीम ने दशाश्वमेध घाट पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान भिक्षावृत्ति में संलिप्त 23 लोगों को रेस्क्यू किया गया। इनमें कई लोग साधु की वेशभूषा में मिले, जो वाराणसी सहित अन्य जिलों से आकर घाटों पर भिक्षा मांग रहे थे। 

रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को सामनेघाट के मदरवां स्थित अपना घर आश्रम भेजा गया। आश्रम के संरक्षक डॉ. कुमार निरंजन ने बताया कि पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान साधु वेशधारी लोगों से धार्मिक मंत्रों और भजनों के बारे में सवाल किए गए, लेकिन वे जवाब नहीं दे सके।

डॉ. निरंजन ने आरोप लगाया कि इनमें से कुछ लोग घाटों पर पर्यटकों को परेशान करने के साथ खुलेआम गांजे का सेवन भी करते थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

आश्रम प्रबंधन के अनुसार, पहचान पत्रों की जांच में कुछ लोग अंबेडकर नगर और शाहजहांपुर सहित अन्य जिलों के निवासी पाए गए। साधु वेशधारी कुछ लोगों की धार्मिक पहचान को लेकर भी दावे किए गए हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डॉ. निरंजन ने बताया कि इससे पहले नगर निगम, समाज कल्याण विभाग और पुलिस के सहयोग से संकटमोचन मंदिर परिसर के आसपास भी भिक्षावृत्ति रोकने का अभियान चलाया जा चुका है।