{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जेल में गूंजा भारत माता की जय: वाराणसी केंद्रीय कारागार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा के नारे
 

 

वाराणसी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को वाराणसी के केंद्रीय कारागार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वरिष्ठ कारागार अधीक्षक रामकृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को छोड़कर करीब 150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसमें बाबू, फार्मासिस्ट समेत कारागार के विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया गया।

वरिष्ठ कारागार अधीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अगस्त को केंद्रीय कारागार के स्टाफ की ओर से तिरंगा यात्रा आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि कारागार में बंदियों ने भी राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अलग-अलग सर्किलों में तिरंगा यात्रा निकाली। बंदियों ने टोली बनाकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। कारागार प्रशासन की ओर से सर्किल-दर-सर्किल जाकर बंदियों को यात्रा में शामिल किया गया।

रामकृष्ण मिश्रा ने कहा कि भले ही ये लोग वर्तमान में कारागार में बंद हैं, लेकिन उनके भीतर भी देश के प्रति सम्मान, जज्बा और राष्ट्रभक्ति की भावना मौजूद है। ‘हर घर तिरंगा’ पखवाड़े के जरिए कारागार प्रशासन ने राष्ट्रीय एकता, जिम्मेदारी और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।