मारपीट और पथराव मामले में बोला BHU प्रशासन : छात्रों की भीड़ ने तमिल संगमम के पोस्टर फाड़े, बस को बनाया निशाना
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में मंगलवार की आधी रात बड़ा बवाल देखने को मिला। करीब 20 घंटे बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की, जिसमें बताया गया कि विवाद की शुरुआत पोस्ट ऑफिस चौराहे पर हुई मारपीट से हुई।
मारपीट की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सुरक्षाधिकारी
प्रशासन के अनुसार, सुन्दरबगिया गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी को देर रात पोस्ट ऑफिस चौराहे के पास मारपीट की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो पाया गया कि पूर्व छात्र अंकित पाल (एमए हिन्दी सत्र 2023–25) और कुछ छात्र एक बाहरी युवक अंकित सिंह से हाथापाई कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर बाहरी युवक को सुरक्षा कार्यालय ले आए।
कार्यालय में घुसकर छात्रों की मारपीट, शीशा तोड़ा
इसके थोड़ी देर बाद ही अंकित पाल समेत 7–8 छात्र सुरक्षा कार्यालय पहुंच गए और सुरक्षाकर्मियों से बहसबाजी करते हुए मारपीट करने लगे। इसी दौरान सुरक्षाधिकारी के कार्यालय का शीशा भी तोड़ दिया गया। सुरक्षा टीम ने अंकित पाल, छात्र मोहित कुमार और बाहरी युवक अंकित सिंह को पकड़ लिया, जबकि बाकी छात्र मौके से फरार हो गए।
50–60 छात्रों की भीड़ उतरी सड़क पर, पोस्टर फाड़े और बैरिकेड गिराए
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि काफी देर बाद स्थिति और बिगड़ गई जब बिरला छात्रावास के करीब 50–60 छात्र कैंपस में इकट्ठा होकर सड़क पर आ गए। भीड़ ने ‘काशी तमिल संगमम’ के पोस्टर फाड़ दिए, कुलपति आवास के सामने लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए और मुख्य आरक्षाधिकारी कार्यालय के बाहर गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी।
स्थिति गंभीर तब हुई जब कुछ छात्रों ने बोतल में आग लगाकर कार्यालय के बाहर खड़ी बस पर फेंक दी। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर तुरंत काबू पा लिया।
छात्रों की शिकायत: हमने शिकायत की, उल्टा हम पर ही हाथ उठाया गया
दूसरी तरफ छात्रों का कहना है कि मुद्दा सुरक्षाकर्मियों की बदसलूकी से शुरू हुआ। छात्रों के अनुसार, वे एक बाहरी व्यक्ति द्वारा किए गए कथित एक्सीडेंट की शिकायत लेकर गए थे, लेकिन प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मचारियों ने उन पर ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
छात्रों ने दावा किया कि एक विद्यार्थी, जिसका विवाद से कोई संबंध नहीं था, उसे भी बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ जाएगी। छात्रों ने यह भी मांग की है कि दोषी छात्रों पर कार्रवाई के साथ-साथ निर्दोषों के साथ हुई मारपीट की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
प्रशासन जांच में जुटा
बीएचयू प्रशासन ने बताया है कि घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। कैंपस में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।