BHU : एसोसिएट प्रोफेसर ने प्राक्टोरियल बोर्ड सदस्य पर लगाया जान से मारने की धमकी का आरोप, विभागाध्यक्ष को लिखा पत्र
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के विधि संकाय में शिक्षकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विधि संकाय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार मालवीय ने संकाय प्रमुख (डीन) को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि एक बैठक समाप्त होने के बाद विभाग के ही एक एसोसिएट प्रोफेसर एवं बीएचयू प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, अपशब्द कहे, शारीरिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।
डॉ. मालवीय ने अपनी शिकायत में कहा है कि इस तरह की घटना न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है, बल्कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और गरिमामय वातावरण को भी प्रभावित करती है। उनका कहना है कि शिक्षकों के बीच इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे भय व असुरक्षा का माहौल बनता है।
निष्पक्ष जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग
शिकायत में डॉ. मुकेश कुमार मालवीय ने डीन से पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने तथा आरोप सही पाए जाने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बीएचयू में शिक्षकों के बीच विवाद की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले तेलुगु विभाग में भी विभागाध्यक्ष के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। आरोप था कि विभाग के ही एक प्रोफेसर ने विभागाध्यक्ष पर हमला किया था, जिसमें उनका हाथ फ्रैक्चर होने की बात कही गई थी। उस घटना ने भी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नहीं आया बयान
फिलहाल इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सभी की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन पर टिकी हैं।