BHU फायरिंग कांड: छात्र पर गोलियां चलाने में 5 नामजद, इनमें से 2 जिलाबदर बदमाश
BHU के बिरला A हॉस्टल के पास छात्र रोशन मिश्रा पर फायरिंग मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। दो आरोपी पहले से जिलाबदर हैं। हंगामा और सड़क जाम के आरोप में 40 अज्ञात छात्रों पर भी केस दर्ज हुआ। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के बिरला A हॉस्टल के पास छात्र रोशन मिश्रा पर शनिवार रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। लंका थाना में दर्ज मुकदमे में सासाराम निवासी पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ, तपस, क्षितिज उपाध्याय और अभिषेक उपाध्याय को आरोपी बनाया गया है।
जिलाबदर के बावजूद वारदात में शामिल होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में शामिल क्षितिज उपाध्याय और अभिषेक उपाध्याय को पहले ही जिलाबदर किया जा चुका है। क्षितिज उपाध्याय को 12 जनवरी को छह महीने के लिए जिलाबदर किया गया था। इसके बावजूद दोनों पर साजिश में शामिल होने और घटना को अंजाम देने का आरोप है। दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और ज्यादातर मामलों में दोनों के नाम साथ सामने आए हैं।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं धमकी और आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी को चितईपुर थाने में भी दोनों आरोपियों के खिलाफ BHU के इतिहास विभाग के एक शोध छात्र को रोककर धमकाने का मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा, पिछले वर्ष जिलाबदर होने के बावजूद अभिषेक उपाध्याय पर विश्वविद्यालय परिसर में एक अन्य छात्र को धमकाने का आरोप लगा था।
अब ताजा फायरिंग मामले में अभिषेक उपाध्याय पर तीन और क्षितिज उपाध्याय पर दो नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
लंका थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच कराए जाने की बात कही गई है।
40 अज्ञात छात्रों पर भी केस
फायरिंग की घटना के बाद परिसर में हंगामा, धक्का-मुक्की और सड़क जाम करने के आरोप में लगभग 40 अज्ञात छात्रों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य सुरक्षाधिकारी की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज किया और बिरला-रुइया चौराहे पर जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया।
CCTV फुटेज के आधार पर की जा रही पहचान
पुलिस अब घटना से जुड़े आरोपियों की पहचान के लिए परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और वीडियो की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।