{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU : लोकायुक्त जांच के बीच ट्रॉमा सेंटर प्रभारी को हटाने की मांग, कुलपति को छात्रों ने सौंपा ज्ञापन

 

Varanasi : बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह के खिलाफ चल रही लोकायुक्त जांच को लेकर छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेता Dr. Mrityunjay Tiwari के नेतृत्व में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर जांच पूरी होने तक डॉ. सौरभ सिंह को प्रशासनिक दायित्वों से हटाने की मांग की।

लोकायुक्त जांच का दिया हवाला

ज्ञापन में कहा गया कि डॉ. सौरभ सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, पद के दुरुपयोग और आयुष्मान भारत योजना से जुड़े गंभीर आरोपों की जांच लोकायुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा की जा रही है।

छात्रों का दावा है कि उप लोकायुक्त कार्यालय की ओर से समन जारी कर संबंधित अधिकारी से अभिलेख, तथ्यात्मक रिपोर्ट और शपथपत्र सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है।

‘जांच प्रभावित होने की आशंका’

ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि जब किसी अधिकारी के खिलाफ गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक आरोपों की जांच चल रही हो, तब निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उसे प्रशासनिक जिम्मेदारियों से अलग किया जाना जरूरी है।

छात्रों के मुताबिक ट्रॉमा सेंटर से जुड़े महत्वपूर्ण वित्तीय रिकॉर्ड, खरीद संबंधी दस्तावेज और आयुष्मान भारत योजना से संबंधित अभिलेख अभी भी संबंधित अधिकारी के नियंत्रण में हैं, जिससे साक्ष्यों और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका बनी हुई है।

‘संस्थान की गरिमा सर्वोपरि’

छात्र नेता डॉ. मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और संस्थागत गरिमा की रक्षा के लिए उठाई गई है।

वहीं छात्र प्रतिनिधि सुजीत पासवान ने कहा कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पद पर बनाए रखना विश्वविद्यालय समुदाय के बीच सवाल खड़े करता है।

रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग

छात्रों ने ज्ञापन में ट्रॉमा सेंटर, आयुष्मान भारत योजना और वित्तीय लेन-देन से जुड़े सभी भौतिक और डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग भी की। साथ ही संभावित गवाहों को किसी भी दबाव से मुक्त रखने और जांच को पूरी तरह स्वतंत्र वातावरण में कराने की अपील की गई।

स्वतंत्र अधिकारी को प्रभार देने की मांग

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि लोकायुक्त जांच पूरी होने तक डॉ. सौरभ सिंह को ट्रॉमा सेंटर प्रभारी के पद से अलग किया जाए और किसी वरिष्ठ एवं स्वतंत्र अधिकारी को अंतरिम प्रभार सौंपा जाए।

इस दौरान हर्ष त्रिपाठी, अंकित पूर्वे, रजत सिंह, अभय सिंह “मिक्कू”, कृष्णकांत पाठक, कुमार अभिषेक, हिमांशु राय और वर्चस्व सिंह समेत कई छात्र मौजूद रहे।