BHU को इसी महीने मिलेंगे 14 जूनियर और 30 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर, इलाज होगा और बेहतर
वाराणसी के आईएमएस बीएचयू को जुलाई में 44 नए रेजिडेंट डॉक्टर मिलने जा रहे हैं। 14 जूनियर और 30 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इससे सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को बेहतर और तेज चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS) और सर सुंदरलाल अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। इसी महीने संस्थान को कुल 44 नए रेजिडेंट डॉक्टर मिलने जा रहे हैं। इनमें 14 जूनियर रेजिडेंट और 30 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर शामिल हैं। नई नियुक्तियों के बाद अस्पताल की ओपीडी, वार्ड और ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
14 जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
आईएमएस बीएचयू ने जूनियर रेजिडेंट पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित 14 डॉक्टरों में 11 की तैनाती सर सुंदरलाल अस्पताल और तीन की नियुक्ति ट्रॉमा सेंटर में की जाएगी।
पदों का श्रेणीवार विवरण भी जारी किया गया है। इसमें सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए चार-चार पद, अनुसूचित जाति के लिए तीन, अनुसूचित जनजाति के लिए दो तथा एक पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित रखा गया है।
25 जुलाई तक होगा दस्तावेजों का सत्यापन
बीएचयू की आधिकारिक सूचना के अनुसार, आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन 25 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे आईएमएस निदेशक कार्यालय के समिति कक्ष में किया जाएगा। इसके बाद परिणाम जारी कर साक्षात्कार की तिथि घोषित की जाएगी।
30 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति भी अंतिम चरण में
जूनियर रेजिडेंट के साथ-साथ 30 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। अप्रैल 2026 में जारी विज्ञापन के आधार पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। अब चयनित उम्मीदवारों का साक्षात्कार और औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जानी है। बीएचयू प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों को 21 जुलाई तक रिपोर्ट कर जॉइनिंग लेटर प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।
इन विभागों को मिलेंगे नए सीनियर रेजिडेंट
नए सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति कई महत्वपूर्ण विभागों में की जाएगी। इनमें एनेस्थीसियोलॉजी, डर्मेटोलॉजी, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, जीरियाट्रिक मेडिसिन, ट्रॉमा सेंटर की जनरल सर्जरी, माइक्रोबायोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, आर्थोपेडिक्स, पैथोलॉजी, ट्रॉमा सेंटर पैथोलॉजी, ट्रॉमा सेंटर रेडियोलॉजी, ट्रॉमा इमरजेंसी और डेंटल फैकल्टी जैसे विभाग शामिल हैं।