{"vars":{"id": "130921:5012"}}

विदेशी विद्यार्थियों को पुरोहित बनाएगा BHU, अब विवाह, जनेऊ और मुंडन संस्कारों की भी मिलेगी ट्रेनिंग

काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) अपने पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तार करने जा रहा है। अब विदेशी विद्यार्थियों को विवाह, जनेऊ, मुंडन संस्कार के साथ सत्यनारायण और तीज व्रत कथा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी में भारतीय सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है।

 

वाराणसी: काशी की सनातन परंपराओं और धार्मिक संस्कारों को अब विदेशों में भी नई पहचान मिलेगी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने अपने पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तार करने की तैयारी की है। इसके तहत मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी जैसे देशों से आने वाले भारतीय मूल के विद्यार्थियों को अब यज्ञ और अनुष्ठानों के साथ विवाह, जनेऊ और मुंडन जैसे संस्कारों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें विभिन्न धार्मिक व्रत-कथाओं के विधि-विधान की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपने देशों में भारतीय सनातन परंपराओं को आगे बढ़ा सकें।

BHU के पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जुड़ेगा नया अध्याय

बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र की ओर से संचालित पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह विस्तार किया जा रहा है। अब तक इस कार्यक्रम के तहत विदेशी विद्यार्थियों को विभिन्न यज्ञों के विधान, पूजन पद्धति और कर्मकांडों की जानकारी दी जाती रही है।

केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदेंदु त्रिपाठी के अनुसार, विद्यार्थियों को चंडी महायज्ञ, विष्णु महायज्ञ सहित विभिन्न यज्ञों को संपन्न कराने की प्रक्रिया सिखाई जाती है। अब प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम में हिंदू धर्म के सोलह संस्कारों में शामिल प्रमुख संस्कारों को भी जोड़ा जा रहा है।

सत्यनारायण और सावित्री व्रत कथा का भी मिलेगा प्रशिक्षण

नए प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को धार्मिक व्रत-कथाओं के विधि-विधान और उनके आयोजन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसमें सत्यनारायण कथा, तीज व्रत कथा और सत्यवान सावित्री व्रत कथा को शामिल किया गया है।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को विवाह, जनेऊ और मुंडन संस्कार कराने की पूरी प्रक्रिया भी सिखाई जाएगी। इसका उद्देश्य उन्हें धार्मिक अनुष्ठानों और संस्कारों को विधिवत संपन्न कराने में सक्षम बनाना है।

विदेशों में भारतीय संस्कृति और संस्कारों को देंगे बढ़ावा

बीएचयू के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक जड़ों से जोड़े रखना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद विद्यार्थी अपने-अपने देशों में जाकर विवाह, जनेऊ, मुंडन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों को संपन्न करा सकेंगे।

इससे मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी जैसे देशों में रहने वाली नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक संस्कारों की जानकारी मिल सकेगी।