{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU में 9,200 सीटों पर एडमिशन शुरू, जानिए कब तक होगा रजिस्ट्रेशन और सीट अलॉटमेंट

बीएचयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूजी (स्नातक) प्रवेश पंजीकरण शुरू कर दिया है। छात्र 25 जुलाई तक समर्थ पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। इस बार करीब 9,200 सीटों पर प्रवेश होगा और केवल पात्र अभ्यर्थियों को ही पंजीकरण की अनुमति मिलेगी।

 

वाराणसी: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में स्नातक (UG) सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। पोस्ट ग्रेजुएट (PG) प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद अब विश्वविद्यालय ने गुरुवार देर रात यूजी प्रवेश पंजीकरण पोर्टल भी लाइव कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर सीट आवंटन (Seat Allotment) की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

इस बार केवल पात्र अभ्यर्थी ही कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

केंद्रीय प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने के लिए समर्थ पोर्टल में विशेष बदलाव किए गए हैं। अब केवल वही अभ्यर्थी पंजीकरण कर सकेंगे, जो निर्धारित पात्रता (Eligibility) पूरी करते हैं। इससे अपात्र अभ्यर्थी शुरुआती चरण में ही बाहर हो जाएंगे और प्रवेश प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होगी।

1,000 से अधिक विषय संयोजन, 9,200 सीटों पर प्रवेश

विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश बुलेटिन के अनुसार कला, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, दृश्य कला सहित विभिन्न संकायों में 1,000 से अधिक विषय संयोजनों के तहत लगभग 9,200 सीटों पर दाखिले होंगे। इन सीटों में विश्वविद्यालय कर्मचारियों के कोटे तथा अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए आरक्षित सीटें भी शामिल हैं।

हर वर्ष एक लाख से अधिक अभ्यर्थी बीएचयू में स्नातक प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं। हालांकि दस्तावेजों की कमी, पात्रता शर्तें पूरी न होने या काउंसिलिंग के दौरान अन्य कारणों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का प्रवेश नहीं हो पाता।

CUET स्कोर और दस्तावेजों की होगी डिजिटल जांच

इस बार समर्थ पोर्टल पर CUET UG के पात्रता अंक और आवश्यक दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी। वहीं बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) और बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (BPA) जैसे पाठ्यक्रमों में प्रयोगात्मक परीक्षा (Practical Test) होने के कारण उनकी सीट आवंटन प्रक्रिया अलग से संचालित की जाएगी। विश्वविद्यालय का लक्ष्य अगस्त 2026 तक स्नातक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का है।

काशी विद्यापीठ में भी जारी है प्रवेश प्रक्रिया

उधर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। गुरुवार को मुख्य परिसर में आयोजित काउंसिलिंग के दौरान बीएससी बायो में 173 और बीम्यूज में 22 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। प्रवेश सेल की उप समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि शुल्क जमा करने के तुरंत बाद छात्रों को परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड भी उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को बीएससी बायो और बीएफए पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग आयोजित होगी।

संस्कृत विश्वविद्यालय के संबद्ध कॉलेजों में आज से आवेदन

वहीं संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रथमा, पूर्व मध्यमा, उत्तर मध्यमा, शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों के लिए 10 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। कुलसचिव राकेश कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश पंजीकरण शुल्क 200 रुपये रखा गया है और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी।