BHU UG Admission 2026: BHU में यूजी प्रवेश पंजीकरण शुरू, 25 जुलाई तक करें आवेदन; 9200 सीटों पर होगा दाखिला
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में स्नातक (यूजी) प्रवेश प्रक्रिया का आगाज हो गया है। पीजी प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद गुरुवार देर रात बीएचयू का यूजी प्रवेश पंजीकरण पोर्टल लाइव कर दिया गया। अभ्यर्थी 25 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर सीट आवंटन (Seat Allotment) की प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है।
केंद्रीय प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बताया कि इस वर्ष यूजी प्रवेश पंजीकरण के लिए बीएचयू और समर्थ (Samarth) पोर्टल पर विशेष बदलाव किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत केवल वही अभ्यर्थी पंजीकरण कर सकेंगे जो संबंधित पाठ्यक्रमों के लिए पात्र होंगे। इससे अपात्र उम्मीदवार प्रारंभिक स्तर पर ही छंट जाएंगे और प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व तेज होगी।
9200 सीटों पर होगा प्रवेश
बीएचयू की ओर से जारी प्रवेश बुलेटिन के अनुसार कला, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, दृश्य कला समेत विभिन्न संकायों के एक हजार से अधिक विषय संयोजनों में करीब 9200 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इन सीटों में बीएचयू कर्मचारियों के आश्रितों, विभिन्न आरक्षित श्रेणियों तथा अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए निर्धारित सीटें भी शामिल हैं।
हर वर्ष बीएचयू में स्नातक प्रवेश के लिए एक लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकरण कराते हैं। हालांकि, पात्रता की शर्तें पूरी न होने या आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण बड़ी संख्या में उम्मीदवार बाद की प्रक्रिया में बाहर हो जाते हैं।
पात्रता और दस्तावेजों की होगी ऑनलाइन जांच
इस बार समर्थ पोर्टल पर सीयूईटी-यूजी (CUET-UG) के अंकों और आवश्यक प्रमाण पत्रों का सत्यापन पंजीकरण के दौरान ही किया जाएगा। इससे केवल पात्र अभ्यर्थी ही आगे की काउंसिलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
इसके अलावा, बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) और बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (BPA) जैसे प्रयोगात्मक परीक्षा वाले पाठ्यक्रमों के लिए सीट आवंटन की अलग व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य अगस्त तक पूरी यूजी प्रवेश प्रक्रिया समाप्त करने का है।
संस्कृत विश्वविद्यालय के संबद्ध कॉलेजों में भी आज से आवेदन
वहीं, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रथमा, पूर्व मध्यमा, उत्तर मध्यमा, शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शुक्रवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन और शुल्क जमा करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। प्रवेश पंजीकरण शुल्क 200 रुपये तय किया गया है।