{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के नाम पर साइबर ठगी, विश्वविद्यालय ने जारी किया अलर्ट

वाराणसी में BHU के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर सस्ते फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का झांसा दिया जा रहा है। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से निजी जानकारी साझा नहीं करने और भुगतान से बचने की अपील की गई है।

 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के नाम और पद का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया है। इस अकाउंट के जरिए लोगों को सस्ते फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का झांसा देकर पैसे मांगे जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

CRPF अधिकारी के तबादले की कहानी सुनाकर रच रहे ठगी का जाल

फर्जी अकाउंट से लोगों को भेजे जा रहे संदेश में दावा किया जा रहा है कि संतोष कुमार नाम के कुलपति के एक दोस्त सीआरपीएफ में अधिकारी हैं। उनका दूसरे राज्य में तबादला हो गया है। ऐसे में वह अपने घर का फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेहद कम कीमत पर बेचना चाहते हैं।

संदेश में सामान को अच्छी स्थिति में बताया जा रहा है, ताकि लोग कम कीमत का लालच देखकर खरीदारी के लिए तैयार हो जाएं। इसके बाद सामान देने के बहाने उनसे भुगतान मांगा जा रहा है। ठग कुलपति के नाम और पद का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं।

BHU प्रशासन ने फेसबुक पर जारी किया फेक अकाउंट अलर्ट

मामले की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर फेक अकाउंट अलर्ट जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया गया है। इसके माध्यम से लोगों से निजी जानकारियां और आर्थिक मदद मांगी जा रही है।

प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों और आम लोगों को ऐसे अकाउंट से सावधान रहने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में अपनी निजी जानकारी साझा न करें और न ही फर्जी अकाउंट के कहने पर कोई भुगतान करें।

संदिग्ध अकाउंट को रिपोर्ट करने की अपील

BHU प्रशासन ने लोगों से किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट की प्रामाणिकता जांचने और फर्जी पाए जाने पर उसे रिपोर्ट करने की अपील की है। यदि किसी अकाउंट को लेकर संदेह हो तो विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर डायरेक्ट मैसेज (DM) भेजकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि कुलपति के नाम और पद का इस्तेमाल कर बनाए गए ऐसे फर्जी अकाउंट के झांसे में न आएं और किसी भी तरह की आर्थिक लेनदेन या निजी जानकारी साझा करने से बचें।