{"vars":{"id": "130921:5012"}}

BHU की ज्योतिष OPD होगी डिजिटल, ऐप से बुक कर सकेंगे पसंदीदा ज्योतिषाचार्य; 100 रुपये से मिलेगा परामर्श
 

 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के ज्योतिष विभाग में संचालित ज्योतिष ओपीडी अब डिजिटल होने जा रही है। विभाग इसके लिए एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार कर रहा है, जिसके माध्यम से आम लोग ज्योतिषाचार्यों की विशेषज्ञता, उपलब्धता और परामर्श शुल्क से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को परामर्श के लिए बार-बार विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऐप के माध्यम से वे ऑनलाइन शुल्क जमा कर अपनी पसंद और आवश्यकता के अनुसार संबंधित ज्योतिषाचार्य से मुलाकात का समय तय कर सकेंगे।

ऐप पर मिलेगी ज्योतिषाचार्यों की विशेषज्ञता और शेड्यूल की जानकारी

प्रस्तावित ऐप में ज्योतिष विभाग से संबंधित सभी प्रमुख जानकारियों के साथ ज्योतिषाचार्यों का शेड्यूल भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें यह भी बताया जाएगा कि कौन-सा ज्योतिषाचार्य किस विषय या क्षेत्र में विशेषज्ञता रखता है।

इसके आधार पर लोग अपनी समस्या के अनुसार विशेषज्ञ का चयन कर सकेंगे। जन्म कुंडली, विवाह मिलान, मुहूर्त, रत्न धारण, ग्रहों के प्रभाव, वास्तु और कर्मकांड जैसे विभिन्न विषयों के लिए अलग-अलग परामर्श की व्यवस्था होगी।

100 रुपये से शुरू होगा परामर्श शुल्क

ज्योतिषीय और वास्तु संबंधी परामर्शों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटते हुए शुल्क भी निर्धारित किया जा रहा है। मुहूर्त संबंधी परामर्श के लिए 100 रुपये, जबकि कर्मकांड से संबंधित परामर्श के लिए 250 रुपये शुल्क तय किया गया है।

ओपीडी में वर्तमान और भविष्य के ग्रहों के प्रभाव तथा उनसे जुड़े ज्योतिषीय उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। विभिन्न सेवाओं के लिए न्यूनतम शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जबकि परिसर से बाहर जाकर दी जाने वाली विशेष सेवाओं के लिए शुल्क अधिकतम 21 हजार रुपये तक हो सकता है।

घर बैठे तय कर सकेंगे अपॉइंटमेंट

डिजिटाइजेशन के बाद लोग अपने समय और सुविधा के अनुसार ज्योतिषाचार्यों से संपर्क कर सकेंगे। विभाग का उद्देश्य कम शुल्क में आम लोगों तक ज्योतिषीय परामर्श की सुविधा पहुंचाना और ज्योतिष विज्ञान से जुड़ी सेवाओं को अधिक व्यवस्थित तथा सुलभ बनाना है।

इस पहल से ज्योतिष विभाग की सेवाओं के संचालन में भी पारदर्शिता और सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही छात्रों और शोधकर्ताओं को भी विभाग की गतिविधियों, विशेषज्ञों और विभिन्न ज्योतिषीय विषयों से जुड़ी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगी।