BHU का बड़ा फैसला! अब डिस्टेंस और ऑनलाइन कोर्स से पढ़ सकेंगे छात्र, जानें फीस
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में डिस्टेंस लर्निंग और ऑनलाइन कोर्स शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शुक्रवार को होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में इस प्रस्ताव पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
महामना हॉल में दोपहर 3 बजे से होने वाली बैठक में 199 पेज के 12 एजेंडों पर मंथन किया जाएगा। बैठक में डिस्टेंस, ओपन और ऑनलाइन शिक्षा शुरू करने के प्रस्ताव के साथ कई अन्य शैक्षणिक मुद्दों पर भी निर्णय लिए जाने हैं।
डिस्टेंस लर्निंग के लिए ₹25 हजार रजिस्ट्रेशन फीस प्रस्तावित
प्रस्ताव के अनुसार, डिस्टेंस लर्निंग कार्यक्रम के लिए ₹25 हजार रजिस्ट्रेशन फीस रखे जाने की बात है। इसके अलावा प्रोग्राम फीस ₹10 हजार और ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए ₹15 हजार फीस प्रस्तावित की गई है। इन प्रस्तावों पर एकेडमिक काउंसिल की बैठक में चर्चा के बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी।
इराक के दो पीएचडी छात्रों की योग्यता पर चर्चा
बैठक में इराक से आए दो पीएचडी छात्रों अयात धुमद नज्म और अमीर सालिह के अंग्रेजी विषय में पीएचडी प्रवेश की योग्यता की भी जांच की जाएगी। छात्रों के हॉस्टल और सुपरवाइजर से संबंधित मामलों को लेकर गठित कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
सात नई स्कॉलरशिप को मिलेगी मंजूरी
एकेडमिक काउंसिल की बैठक में सात नई स्कॉलरशिप शुरू करने के प्रस्ताव पर भी आधिकारिक मुहर लग सकती है। इनमें बायोटेक में अशोक कुमार स्कॉलरशिप, फिजिक्स में शंभू कुमार और कपिल देव शर्मा मेमोरियल स्कॉलरशिप, कंप्यूटर साइंस में एमएआरजी स्कॉलरशिप, बायोकेमिस्ट्री में मंगला प्रसाद उपाध्याय स्कॉलरशिप तथा मैनेजमेंट स्टडीज में विष्णु प्रसाद दामयंती गिरी और गुरचेन कौर स्कॉलरशिप शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्णकालिक और अंशकालिक पीएचडी छात्रों को तीन वर्ष के बाद दो वर्ष तक हॉस्टल में रहने की अवधि बढ़ाने, वसंता कन्या महाविद्यालय में लिंग्विस्टिक से बीए कोर्स की व्यवहार्यता, आर्य महिला पीजी कॉलेज में भूगोल के मेजर विषय और राजीव गांधी साउथ कैंपस में वोकेशनल स्टडी एवं स्किल डेवलपमेंट विभाग की स्थापना जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में पिछली तीन एकेडमिक काउंसिल की 50 से अधिक स्वीकृतियों पर मुहर लगाने, एलएलबी पेड सीट की फीस में बदलाव, डेंटल साइंस और मैनेजमेंट स्टडीज में बाहरी विशेषज्ञों की नियुक्ति तथा लाइफ साइंस से एमएससी के लिए एडहॉक बोर्ड ऑफ स्टडीज को अनुमति देने जैसे प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं।