डेंगू-मलेरिया पर बड़ा एक्शन: वाराणसी में 1 अप्रैल से स्पेशल अभियान, हर घर पहुंचेगी टीम
Varanasi : जनपद में डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण के लिए 1 से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 10 से 30 अप्रैल तक घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में लिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य सहयोगी विभागों के समन्वय से पूरे अप्रैल माह यह अभियान संचालित होगा। हाई रिस्क क्षेत्रों जैसे नगर निगम के 11 वार्डों के मुहल्ले और ग्रामीण क्षेत्रों के 69 ग्रामों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कोल्ड फॉगिंग, सफाई अभियान, लार्वी साइडल स्प्रे, नालियों व तालाबों की साफ-सफाई, यू-टर्न और अवैध कट बंद करने जैसे उपाय किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने गर्मी के मौसम के लिए भी तैयारी करने के निर्देश दिए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर शीतल एवं शुद्ध पेयजल, शेल्टर की व्यवस्था, तापमान और मौसम के पूर्वानुमान का डिस्प्ले, तथा हीट वेव से बचाव के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि 10 से 30 अप्रैल तक चलने वाले दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और संक्रमण रोकने के उपायों के प्रति जागरूक करेंगे। अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, पशुपालन और दिव्यांगजन कल्याण विभाग सहित अन्य विभाग सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे।
बैठक में एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, डीपीआरओ, जिला मलेरिया अधिकारी एस.सी. पांडेय, खंड विकास अधिकारी, WHO और UNICEF प्रतिनिधि सहित अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।