{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी से बड़ा ऐलान! आंगनबाड़ी में अब दिखेगा पूरा मेन्यू, अन्नपूर्णा देवी-सीएम योगी ने शुरू किया पोषण माह
 

 

वाराणसी। आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण तक सीमित न रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और समग्र विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी का केंद्र बनाने की दिशा में बुधवार को वाराणसी से बड़ा संदेश दिया गया। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। इनमें केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और प्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' रखी गई है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी अन्नपूर्णा देवी

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के दस वर्ष और पोषण माह से संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेन्यू बोर्ड होगा अनिवार्य

इस वर्ष पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूरक पोषण कार्यक्रम (SNP) के मेन्यू बोर्ड को अनिवार्य किया गया है। पहली बार गर्म और पके भोजन को भी स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया है।

गर्म पके भोजन की व्यवस्था में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मोटे अनाज, दाल और मौसमी सब्जियों पर आधारित साप्ताहिक मेन्यू रोटेशन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों और लाभार्थियों को अधिक पौष्टिक एवं विविध आहार उपलब्ध कराना है।

समुदाय की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों के गठन और संचालन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण माह के दौरान कम से कम एक आंगनबाड़ी प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवाओं की स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। अभिभावकों, स्वयं सहायता समूहों और आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों को भोजन चखाने के कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा।